रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में अब मुद्दों और बयानों के साथ तंज का अंदाज भी बदलता नजर आ रहा है। बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ‘नाराज फूफा’ नाम से एक रैप सॉन्ग जारी किया है। इस रैप के जरिए पार्टी ने विकास कार्यों का विरोध करने वालों पर कटाक्ष किया है।
‘स्टैच्यू बने तो खफा, वंदे भारत चले तो खफा’ से शुरू हुआ सियासी तंज
बीजेपी के सोशल मीडिया पोस्ट में जारी रैप सॉन्ग की शुरुआत ही तीखे राजनीतिक तंज से होती है। रैप में कहा गया- ‘स्टैच्यू बने तो खफा, वंदे भारत चले तो खफा, देश की तरक्की सुनकर हो जाएं ये दफा-दफा।’ बीजेपी ने ऐसे लोगों को ‘नाराज फूफा’ का नाम दिया है, जो देश और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों पर सवाल उठाते हैं।
BJP का आरोप- हर अच्छे काम का विरोध कर रही कांग्रेस
बीजेपी का आरोप है कि देश और प्रदेश में लगातार विकास के काम हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस हर अच्छे काम का विरोध कर रही है। पार्टी ने इसी राजनीतिक संदेश और तंज को सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाने के लिए रैप सॉन्ग का सहारा लिया है। बीजेपी के मुताबिक, विकास कार्यों से नाराज रहने वालों पर यह रैप एक राजनीतिक कटाक्ष है।
कांग्रेस ने पलटवार कर कहा- ‘नाराज फूफा कांग्रेस नहीं, जनता है’
बीजेपी का यह रैप कांग्रेस को रास नहीं आया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि ‘नाराज फूफा कांग्रेस नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता है।’ उन्होंने बीजेपी की डबल इंजन सरकार पर जनता को परेशान करने का आरोप लगाया। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी जेन्युइन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के राजनीतिक तंज और सोशल मीडिया कैंपेन का सहारा ले रही है।
विकास के दावों पर आमने-सामने BJP-कांग्रेस
इस पूरे विवाद में मामला सिर्फ एक रैप सॉन्ग तक सीमित नहीं है। इसके जरिए बीजेपी और कांग्रेस के बीच विकास के दावों को लेकर सियासी टकराव भी सामने आ गया है। बीजेपी जहां अपने कामों को जनता के सामने रखने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस सरकार के विकास संबंधी दावों पर सवाल उठाकर उसे घेर रही है।
अब भाषण नहीं, रैप भी बना सियासी हथियार
सियासत में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच राजनीतिक दलों के प्रचार का अंदाज भी लगातार बदल रहा है। अब बयान, भाषण और पोस्टर के साथ रैप सॉन्ग भी राजनीतिक संदेश और विपक्ष पर कटाक्ष का जरिया बन गया है। एक तरफ बीजेपी का ‘नाराज फूफा’ है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस का ‘पूरी जनता नाराज है’ वाला पलटवार।
BJP का फिर पलटवार- असली ‘नाराज फूफा’ कांग्रेस
कांग्रेस के हमले के बाद बीजेपी ने भी पलटवार करने में देर नहीं की। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि असली ‘नाराज फूफा’ कांग्रेस ही है। इस तरह एक रैप सॉन्ग को लेकर शुरू हुआ सियासी तंज अब बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग में बदल गया है।
‘नाराज फूफा’ पर आगे कितने नए बोल?
फिलहाल रैप का बीट खत्म नहीं हुआ है, लेकिन सियासत का सुर जारी है। बीजेपी के ‘नाराज फूफा’ पर कांग्रेस ने तंज कसा और कांग्रेस के पलटवार पर बीजेपी ने फिर जवाब दिया। अब देखना दिलचस्प होगा कि सोशल मीडिया से शुरू हुई यह सियासी रैप बैटल आने वाले दिनों में कितने नए बोल और कितने नए राजनीतिक तंज लेकर सामने आती है।