बर्फीली हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पचमढ़ी और मंडला जैसे पहाड़ी इलाकों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की चेतावनी दी है। राज्य के कई शहरों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी कम हो गई है। मौसम विज्ञानियों ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है।
मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
दरअसल, इस समय प्रदेश में ठंड और कोहरे का असर बढ़ गया है. पचमढ़ी और मंडला में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, तो प्रदेश के कई अन्य शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। भोपाल, ग्वालियर, भिंड, मुरैना जैसे बड़े शहरों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट की चेतावनी दी है। वहीं आज मौसम स्थिर रहेगा। कई जगहों पर तापमान में गिरावट हो सकती है।
यहां देखें तापमान
मंगलवार को भोपाल में दिन के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली। यहां करीब 3.4 डिग्री की गिरावट के साथ तापमान सबसे कम 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा ग्वालियर में 27 डिग्री, इंदौर में 27.2 डिग्री, उज्जैन में 28 डिग्री और जबलपुर में 28.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सबसे ठंडे इलाके की बात करें तो पचमढ़ी में मंगलवार को भी ठंड बरकरार रही। यहां पिछले कुछ दिनों से रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
इस दिन से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश में और अधिक ठंड पड़ने की संभावना है। इसके चलते कई जिलों में दिन के तापमान में भी गिरावट आएगी। फिलहाल मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन का औसत तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस है। वहीं 20 नवंबर से कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
Comments (0)