छत्तीसगढ़ में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इसी बीच कवर्धा जिले के पंडरिया क्षेत्र के ग्राम सरैहा में सालों पुराना बांध बारिश के बीच फूट गया। बांध का एक हिस्सा बहने से बड़ी मात्रा में पानी आसपास के क्षेत्रों में फैल गया है। ग्रामीणों को सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित होने की आशंका है।
पंडरिया में बारिश के बीच फूटा पुराना बांध
कवर्धा के पंडरिया क्षेत्र के ग्राम सरैहा में लगातार बारिश के कारण सालों पुराना बांध टूट गया। बताया जा रहा है कि बांध में पहले एक छोटा सा होल हुआ था, जो समय के साथ बढ़ता गया।लगातार बारिश से बांध का मिट्टी वाला हिस्सा कमजोर हो गया और पानी के तेज बहाव के कारण इसका एक हिस्सा बह गया। इसके बाद बड़ी मात्रा में पानी आसपास के इलाकों में फैल गया।
सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित होने की आशंका
बांध का पानी खेतों की तरफ फैलने के बाद किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों के मुताबिक पानी के तेज बहाव से सैकड़ों एकड़ फसल प्रभावित हो सकती है।किसानों को फसल खराब होने से आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों और खेतों का जल्द सर्वे कराने की मांग की है, ताकि नुकसान का वास्तविक आंकलन किया जा सके।
बांध के रखरखाव पर उठे सवाल
बांध फूटने के बाद उसके रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बांध में पहले ही छोटा होल दिखाई दिया था, लेकिन समय रहते उसकी मरम्मत नहीं की गई।लगातार बारिश के कारण मिट्टी का हिस्सा कमजोर होता गया और आखिरकार पानी के दबाव में बांध का एक हिस्सा टूट गया। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आंकलन कराने के साथ प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
बांध फूटने की जानकारी मिलते ही पहुंचे ग्रामीण
बांध फूटने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कुछ लोग बांध से निकले पानी में जाल डालकर मछली पकड़ते हुए भी नजर आए।हालांकि, ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता खेतों में खड़ी फसल को लेकर है। उनका कहना है कि समय रहते बांध में हुए नुकसान की मरम्मत कर दी जाती तो स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सकता था।
अगले 7 दिन तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक 21 से 27 अगस्त तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। ऐसे में नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।