रायपुर। छत्तीसगढ़ में SIR के मुद्दे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
राजीव गांधी प्रतिमा से कलेक्ट्रेट तक निकाला पैदल मार्च
रायपुर में कांग्रेस ने राजीव गांधी की प्रतिमा से कलेक्ट्रेट परिसर तक पैदल मार्च निकाला। मार्च में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत विधायक, पूर्व मंत्री और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
घड़ी चौक पर पुलिस ने रोका मार्च
कांग्रेस का पैदल मार्च जब घड़ी चौक के पास पहुंचा तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बनी।
ज्ञानेश कुमार को हटाने और FIR की मांग
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर वह अपना विरोध जारी रखेगी।
प्रधानमंत्री मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। कांग्रेस नेताओं ने SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची से संबंधित मुद्दों को लेकर केंद्र और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
देशव्यापी विरोध कार्यक्रम का हिस्सा
कांग्रेस के अनुसार, रायपुर में आयोजित यह प्रदर्शन पार्टी के देशव्यापी विरोध कार्यक्रम का हिस्सा है। पार्टी देशभर में SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी इन मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने की बात कही है।