रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के प्रथम सीजन की भव्य लॉन्चिंग की गई। सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने हॉकी लीग के आधिकारिक लोगो, शुभंकर और टैगलाइन का अनावरण किया।
पहली बार आयोजित होगी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग
पीसी को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल के इतिहास का आज एक बड़ा दिन है। प्रदेश में पहली बार हॉकी लीग का आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस लीग को प्रोफेशनल तरीके से डिजाइन किया गया है और इसे हॉकी इंडिया के स्तर के अनुरूप संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के प्रथम सीजन की संभावित तिथि 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रखी गई है। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
6 टीमें लेंगी हिस्सा
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें शामिल हैं..
- राजधानी रॉयल्स
- चित्रकूट चैलेंजर्स
- संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
- चक्रधर चैंपियंस
- न्यायधानी नाइट्स
- मैनपाट टाइटंस
प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे। इनमें 18 खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के होंगे, जबकि 4 खिलाड़ी अन्य राज्यों से शामिल किए जाएंगे। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को बाहरी प्रतिभाओं के साथ खेलने और सीखने का अवसर मिलेगा।
‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ बनी टैगलाइन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ टैगलाइन तय की गई है। यह टैगलाइन प्रदेश में हॉकी को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को इस खेल से जोड़ने के उद्देश्य को दर्शाती है।
‘बघवा’ होगा हॉकी लीग का शुभंकर
हॉकी लीग के आधिकारिक मैस्कॉट के रूप में टाइगर को चुना गया है, जिसे छत्तीसगढ़ी अंदाज में ‘बघवा’ नाम दिया गया है। ‘बघवा’ साहस, शक्ति और प्रबुद्धता का प्रतीक बताया गया है। लीग के लोगो और शुभंकर के जरिए छत्तीसगढ़ की पहचान और खेल भावना को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है।
लीग के बाद नॉकआउट मुकाबले
प्रतियोगिता का प्रारूप पहले लीग चरण और उसके बाद नॉकआउट चरण में रखा गया है। इससे टीमों को पर्याप्त मुकाबले खेलने का मौका मिलेगा और इसके बाद निर्णायक मुकाबलों के जरिए विजेता टीम का फैसला होगा।
हॉकी के साथ दिखेगी छत्तीसगढ़ की संस्कृति
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। लीग के दौरान मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। साथ ही आयोजन में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी।
OTT प्लेटफॉर्म पर होगा प्रसारण
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के मुकाबलों का OTT प्लेटफॉर्म पर प्रसारण किया जाएगा। इससे प्रदेश के साथ-साथ देशभर के हॉकी प्रेमी लीग के मुकाबलों को देख सकेंगे।
युवा हॉकी प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की युवा हॉकी प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। हॉकी लीग के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि लीग का आयोजन प्रोफेशनल तरीके से किया जाएगा और इसे हॉकी इंडिया के स्तर पर संचालित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
सर्किट हाउस में हुई लॉन्चिंग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की लॉन्चिंग राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने लीग का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को प्रदेश में हॉकी को नई पहचान देने, युवा खिलाड़ियों को प्रोफेशनल मंच उपलब्ध कराने और राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।