छत्तीसगढ़ में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
दक्षिणी जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार 21 अगस्त को प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।इन इलाकों में हवा की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं और बारिश के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
लोरमी में 14 सेंटीमीटर बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। लोरमी में सबसे ज्यादा 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जनकपुर और कुंडूर में 13-13 सेंटीमीटर, जबकि तातापानी में 8 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।लाटाबोड़ा, कोटाडोल, रतनपुर और पेंड्रा रोड समेत कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई है। लगातार बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
22 अगस्त को कई जिलों में बारिश
22 अगस्त को भी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। दक्षिणी हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है।
23 अगस्त से फिर बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के मुताबिक 23 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। 23 से 25 अगस्त के बीच छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इस दौरान खासकर दक्षिणी जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। प्रशासन और स्थानीय लोगों को मौसम के अलर्ट के मद्देनजर सावधानी बरतने की जरूरत है।
छत्तीसगढ़ में मानसून के सक्रिय रहने से अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कई जिलों में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज बौछारें पड़ सकती हैं। किसानों और आम लोगों को स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।