छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब दोबारा सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।रायपुर समेत कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह बढ़कर 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
रायपुर में एक हफ्ते बाद तेज बारिश
शुक्रवार रात रायपुर में करीब एक सप्ताह के अंतराल के बाद तेज बारिश हुई। शहर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं।बारिश के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिला और लोगों को उमस से भी कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के ताजा अलर्ट के मुताबिक रायपुर में आगे भी गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
इन इलाकों में 40-60 KM की रफ्तार से हवा का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।इन क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
24 जिलों में 30-40 KM की रफ्तार से हवा
दूसरे अलर्ट में रायपुर के साथ सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर को शामिल किया गया है।इन जिलों में हल्की गरज-चमक, बिजली गिरने और बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
बिजली गिरने और तेज हवा को लेकर सावधानी जरूरी
बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने और अचानक तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। खुले स्थानों पर रहने से बचें और तेज हवा के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर संरचनाओं के आसपास न जाएं।मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहना और स्थानीय मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी है।
छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
रायपुर में करीब एक सप्ताह बाद हुई तेज बारिश और प्रदेश के कई जिलों के लिए जारी बारिश-आंधी के अलर्ट से संकेत मिल रहे हैं कि छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिर बदल रहा है। आने वाले समय में कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाओं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।