छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने वाला है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई।इस दौरान जगदलपुर में 43.6 मिमी और पेंड्रा रोड में 38 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसमी बारिश अब तक सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम रही है।
21-22 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 21 और 22 सितंबर को प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।इसके बाद 23 और 24 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इन दिनों कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।25 सितंबर को भी एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। कुल मिलाकर प्रदेश में बारिश का दौर 26 सितंबर तक बने रहने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश
बारिश में बढ़ोतरी की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र बताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम 21 सितंबर को अवदाब और 22 सितंबर को गहरे अवदाब में बदल सकता है।इसके बाद सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इसी मौसमी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
रायपुर में भी बारिश और गरज-चमक के आसार
राजधानी रायपुर में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। 20 सितंबर के पूर्वानुमान में शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई गई थी।रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री रहने का अनुमान था। माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।