रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अगले तीन दिनों तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
26 अगस्त को रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।इससे पहले भी पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई।
इन जिलों में तेज हवा और बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सूरजपुर, सरगुजा और कोरिया में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में बारिश के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में 30-40 KM की रफ्तार से हवाएं चलेंगी
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
27 और 28 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 27 और 28 अगस्त को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी। यानी आने वाले तीन दिनों में प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं।