छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस के बीच अब मौसम ने फिर करवट ली है। गुरुवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। रायपुर के अलावा दुर्ग, गरियाबंद, धमतरी और जगदलपुर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।दिन के समय हुई बारिश से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। बारिश के साथ ही कई इलाकों में तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना है।
11 और 12 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 11 और 12 सितंबर को प्रदेश के रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसे में इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ मौसम की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।राजधानी रायपुर में गुरुवार दोपहर अच्छी बारिश हुई। शाम तक कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। रायपुर से लगे आउटर क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई।
अगले 3 दिनों में 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
बारिश का असर प्रदेश के तापमान पर भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में करीब 4 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।हालांकि बारिश की गतिविधियां पूरे प्रदेश में एक समान नहीं रहेंगी। 14 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
पखांजूर में सबसे ज्यादा 53 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा बारिश पखांजूर में हुई।
पखांजूर – 53 मिमी
सोनहत – 39.4 मिमी
मालखरौदा – 37.0 मिमी
बारिश के कारण तापमान में कमी आने के साथ ही मौसम में ठंडक बढ़ी है।
रायपुर समेत इन इलाकों में असर
राजधानी रायपुर में दोपहर के समय हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हुआ। वहीं दुर्ग और बस्तर संभाग में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। आने वाले दो दिनों में इन संभागों के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।