रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 21 से 27 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
12 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया और जशपुर में यलो अलर्ट जारी किया है।इन जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बाकी 21 जिलों में भी बारिश के आसार
प्रदेश के शेष 21 जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। यानी अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मानसून की गतिविधियां बनी रहेंगी।मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश के बावजूद अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत ज्यादा रह सकती हैं।
कोरिया और सूरजपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान भी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। कोरिया जिले के राजपुर में सबसे ज्यादा 42.5 मिमी बारिश हुई, जबकि सूरजपुर के बिहीरपुर में 41 मिमी पानी गिरा।इसके अलावा सारागांव में 14.1 मिमी, राजनांदगांव में 14 मिमी, साल्हेवारा में 13.1 मिमी, प्रेमनगर में 12.8 मिमी, पिपरिया में 11.9 मिमी और कोटाडोल में 11.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
कई इलाकों में 10 मिमी से ज्यादा बारिश
चांपा, खरोरा और भैरमगढ़ में 11-11 मिमी बारिश दर्ज की गई। केल्हारी में 10.3 मिमी, मोहला में 10.2 मिमी, बारपाली में 9.6 मिमी, बलौदा में 9.5 मिमी और लुंद्रा में 9 मिमी बारिश हुई।राजधानी रायपुर में भी बारिश का असर देखने को मिला। रायपुर सिटी में 5.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि दुर्ग में 16.6 मिमी पानी गिरा।
रायपुर में हल्की बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मौसम विभाग ने हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार जताए हैं। वहीं प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां ज्यादा सक्रिय रह सकती हैं।
27 अगस्त तक मानसून रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक 27 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।