छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। 21 और 22 अगस्त को भी बारिश जारी रहेगी, हालांकि 20 अगस्त के बाद भारी बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।
इन जिलों में ज्यादा बारिश की संभावना
20 अगस्त को राजनांदगांव, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रह सकती हैं। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है।वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा और जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
बारिश की वजह बना एक्टिव मौसम सिस्टम
मौसम में यह बदलाव उत्तर झारखंड और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बिहार व दक्षिण-पूर्वी उत्तरप्रदेश के ऊपर बने अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण हो रहा है। इसके साथ मानसून ट्रफ भी सक्रिय है, जो सिस्टम के केंद्र से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में लगातार नमी पहुंच रही है, जिसके चलते प्रदेश में बारिश का सिलसिला बना हुआ है।
21 और 22 अगस्त को कमजोर होगी बारिश
अगले दो दिनों यानी 21 और 22 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि 20 अगस्त के बाद भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। यानी बारिश पूरी तरह खत्म नहीं होगी, लेकिन लगातार तेज बारिश का दौर कमजोर पड़ने की उम्मीद है।
रायपुर में बादल और गरज-चमक के साथ बारिश
राजधानी रायपुर में 20 अगस्त को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में भी हुई तेज बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान सुकमा जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।