दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। 5 सितंबर को जिले में स्वाइन फ्लू के 7 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। सभी मरीजों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। इससे एक दिन पहले 4 सितंबर को भी 4 नए मरीज मिले थे। नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग तेज कर दी है।
जिले में 16 एक्टिव मरीज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, फिलहाल दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के कुल 16 एक्टिव मरीज हैं। इनमें से 9 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 7 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। होम आइसोलेट मरीजों का विभिन्न अस्पतालों के चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।
5 अगस्त से अब तक 33 पॉजिटिव केस
दुर्ग जिले में 5 अगस्त से 5 सितंबर तक स्वाइन फ्लू के कुल 33 धनात्मक प्रकरण सामने आ चुके हैं। इनमें से 17 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। वर्तमान में 16 मरीजों का इलाज चल रहा है।
इन अस्पतालों में चल रहा मरीजों का इलाज
स्वास्थ्य विभाग की जानकारी के मुताबिक एक्टिव 16 मरीजों में से:
- 4 मरीज स्पर्श हॉस्पिटल में भर्ती हैं।
- 4 मरीज हाईटेक हॉस्पिटल में उपचार करा रहे हैं।
- 1 मरीज पल्स अस्पताल, भिलाई में भर्ती है।
- 7 मरीज होम आइसोलेशन में हैं और चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार जारी है।
नए मरीज मिलने पर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग
स्वास्थ्य विभाग की ओर से नए पॉजिटिव प्रकरण सामने आने के बाद कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और उनकी नियमित निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
23 आइसोलेशन वार्ड तैयार, 158 बेड आरक्षित
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य विभाग ने पर्याप्त व्यवस्थाएं तैयार रखने का दावा किया है। जिले में कुल 23 आइसोलेशन वार्ड तैयार किए गए हैं। इसके अलावा स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए 158 बिस्तर आरक्षित रखे गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ी
स्वाइन फ्लू की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, जिला सर्वेलेंस अधिकारी आईडीएसपी दुर्ग डॉ. सी.बी.एस. बंजारे और जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम दुर्ग भूमिका वर्मा के मार्गदर्शन में मरीजों की मॉनिटरिंग, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और अन्य जरूरी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को संचालित किया जा रहा है।
फिलहाल जिले में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। हालांकि विभाग के अनुसार उपचाररत मरीजों की स्थिति अभी सामान्य बनी हुई है।