मध्यप्रदेश के मास्टर अवनीश तिवारी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अवनीश को पदक, प्रमाण पत्र और प्रशस्ति पत्र दिया। इंदौर के 9 वर्षीय मास्टर अवनीश को सामाजिक सेवा में उत्कृष्टता के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर अवनीश को ढ़ेर सारी बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार समारोह में मध्यप्रदेश के मास्टर अवनीश तिवारी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय महिला बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और राज्यमंत्री डॉ. मुंजपरा महेन्द्रभाई भी मौजूद थे। समारोह में वीरता, कला और संस्कृति, नवाचार, विज्ञान प्रौद्योगिकी, समाज सेवा और खेल जैसे क्षेत्रों में 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 18 अन्य बच्चों को सम्मानित किया गया। आज 23 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं से संवाद करेंगे।
बेटा अवनीश हमें तुम पर गर्व है- सीएम डॉ. मोहन यादव
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा- बेटा अवनीश हमें तुम पर गर्व है! अवनीश तिवारी को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में असाधारण कार्य के लिए ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2024’ से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई! मुझे गर्व के साथ आनंद है कि आपको यह पुरस्कार कल महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के कर कमलों से उनके आशीर्वाद के साथ प्राप्त हुआ है। बेटा आप सदैव स्वस्थ एवं आनंदित रहें और ऐसे ही समाज के उत्थान में अपना योगदान देते रहें, मेरी शुभकामनाएं और आशीर्वाद सदैव आपके साथ हैं।
इन बच्चों को मिलता है ये पुरस्कार
यह पुरस्कार असाधारण योग्यताओं और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए बच्चों को दिया जाता है। राष्ट्रीय स्तर के ये पुरस्कार 5 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को बहादुरी, कला और संस्कृति, पर्यावरण, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सामाजिक सेवा और खेल जैसी सात श्रेणियों में उनकी उत्कृष्टता के लिए दिए जाते हैं। पीएमआरबीपी के प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक पदक, प्रमाण पत्र और एक प्रशस्ति पुस्तिका दी जाती है।
Comments (0)