गरियाबंद जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में कोरोना और स्वाइन फ्लू के कुल 3 पॉजिटिव मरीज मिले हैं।इनमें 1 मरीज कोरोना संक्रमित है, जबकि 2 मरीज स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि सभी मामलों में ट्रेवल हिस्ट्री सामने आने की बात कही गई है।मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और संक्रमित मरीजों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए 13 लोगों की जांच
तीन पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए करीब 13 लोगों के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं।अब इन सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों में भी कोरोना या स्वाइन फ्लू का संक्रमण पहुंचा है या नहीं।
24 से 48 घंटे में आ सकती है रिपोर्ट
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 13 संपर्कों के लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट करीब 24 से 48 घंटे में आने की संभावना है।रिपोर्ट के आधार पर विभाग आगे की रणनीति तय करेगा। फिलहाल संक्रमित मरीजों के साथ-साथ उनके संपर्क में आए लोगों की भी निगरानी की जा रही है।
ट्रेवल हिस्ट्री से जुड़े बताए जा रहे मामले
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सामने आए मामलों में ट्रेवल हिस्ट्री होने की बात कही जा रही है। ऐसे में संक्रमण के स्रोत और संपर्कों की जानकारी जुटाने पर भी विभाग का फोकस है।अधिकारियों की निगरानी में मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सैंपल जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
टेस्टिंग बढ़ी तो सामने आ सकते हैं और मामले
जिले में फिलहाल कोरोना टेस्टिंग का दायरा ज्यादा बड़ा नहीं होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में यदि जांच का दायरा बढ़ाया जाता है तो संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।स्वास्थ्य विभाग सैंपल की रिपोर्ट और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के नतीजों के आधार पर जिले में संक्रमण की स्थिति का आंकलन करेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को किया सतर्क
कोरोना और स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग की ओर से भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने की सलाह दी गई है।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से समय पर जांच और इलाज कराने की अपील की है। फिलहाल गरियाबंद में मिले कोरोना और स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।