रायपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध चोरी की संपत्ति से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 07 BS 0267 को जब्त किया है। ट्रक में बड़ी मात्रा में लोहे का पुराना कबाड़/स्क्रैप लोड था, जिसे पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में कब्जे में लिया है।
30 हजार किलो से ज्यादा कबाड़ बरामद
पुलिस के अनुसार, जब्त ट्रक में कुल 30,335 किलोग्राम लोहे का पुराना कबाड़/स्क्रैप लोड था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक और उसमें लोड स्क्रैप को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया।
दस्तावेज मांगे तो नहीं कर सका प्रस्तुत
मामले में थाना गोबरा नवापारा के इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के तहत कार्रवाई की जा रही है। ट्रक चालक ज्ञानचंद कुर्रे, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, ग्राम पारागांव, थाना गोबरा नवापारा से ट्रक में लोड कबाड़ के संबंध में दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया गया था। पुलिस के मुताबिक चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने बताई यह बात
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि ट्रक में लोड कबाड़ ग्राम कोड़की स्थित पुराने लोहे के कबाड़ से लोड किया गया था। उसके अनुसार ट्रक मालिक कलीम सोलंकी के निर्देश पर कबाड़ को वापस नवापारा लाया जा रहा था। चालक ने यह भी बताया कि वाहन को एफसीआई गोदाम के पास खड़ा कर मालिक का इंतजार किया जा रहा था और मौके पर लोड सामान का बिल उपलब्ध नहीं था।
चोरी की संपत्ति होने की आशंका पर जब्ती
दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने और पूछताछ में सामने आई परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को लोड कबाड़ के चोरी की संपत्ति होने अथवा किसी अपराध से संबंधित होने की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस ने ट्रक और उसमें लोड पूरे कबाड़ को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया।
चालक के खिलाफ बीएनएसएस के तहत कार्रवाई
पुलिस ने ट्रक चालक ज्ञानचंद कुर्रे के खिलाफ धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत इस्तगासा तैयार किया है। पुलिस के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
संदिग्ध संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई जारी
गोबरा नवापारा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में संदिग्ध संपत्ति और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत संदिग्ध कबाड़ से लदे ट्रक को जब्त कर मामले की आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू की गई है।