रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने 7 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, सौरभ 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल में रहेगा। 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद गुरुवार को उसे फिर से स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था।
CBI ने दोबारा नहीं मांगी कस्टडी
कोर्ट में पेशी के दौरान CBI ने सौरभ चंद्राकर की दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की। एजेंसी की ओर से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने का अनुरोध किया गया। इसके बाद अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
ED की याचिका कोर्ट ने की खारिज
सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट एक्जीक्यूट कराने के लिए आवेदन पेश किया गया था। हालांकि, कोर्ट ने ED की इस अर्जी को खारिज कर दिया। इस मामले में ED की ओर से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की तरफ से अधिवक्ता तुषार गिरी ने पैरवी की।
हाई सिक्योरिटी के बीच कोर्ट पहुंचा आरोपी
सौरभ चंद्राकर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान CBI और ED के अधिकारी भी मौजूद रहे। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ की गिरफ्तारी और भारत लाए जाने के बाद से जांच एजेंसियां लगातार उससे पूछताछ कर रही हैं।
CBI ने चार अधिकारियों को भेजा नोटिस
इस मामले में CBI ने चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। जांच एजेंसी मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल में रहेगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।