राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र के शिवानंद नगर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि कोचिंग में पढ़ने वाले 11 वर्षीय छात्र को उसके सहपाठी की मां समेत अन्य लोगों ने सस्ते परफ्यूम को हजारों रुपये का बताकर कथित तौर पर ब्लैकमेल किया और उससे करीब 1.77 लाख रुपये वसूल लिए।
कोचिंग में हुई थी दूसरे छात्र से दोस्ती
शिकायत के मुताबिक, जुलाई में पीड़ित बच्चे की पहचान कोचिंग में पढ़ने वाले एक वरिष्ठ छात्र से हुई थी। दोनों के बीच मेलजोल बढ़ने के बाद वह छात्र उसे अपने घर ले गया, जहां उसने बच्चे की मुलाकात अपनी मां से कराई।
कुछ सौ रुपये की इत्र की शीशी को बताया 10 हजार की
आरोप है कि इसी मुलाकात के बाद बच्चे को ठगी के जाल में फंसाया गया। महज कुछ सौ रुपये कीमत वाली इत्र की शीशी को बच्चे के सामने 10 हजार रुपये कीमत का बताया गया और उसे यह शीशी थमा दी गई। इसके बाद उससे रकम की मांग शुरू कर दी गई।
धमकाकर पैसे देने के लिए किया मजबूर
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बच्चे को डराने-धमकाने के लिए उसके साथ मारपीट करने और हाथ-पैर तोड़ने जैसी धमकियां दी गईं। इससे बच्चा इतना डर गया कि वह घर की अलमारी से पैसे निकालकर कथित तौर पर आरोपियों को देता रहा।
कोचिंग संचालिका को हुआ शक
बच्चे के व्यवहार में आए बदलाव और बच्चों के बीच असामान्य मेलजोल को देखते हुए कोचिंग संचालिका को संदेह हुआ। उन्होंने मामले की जानकारी बच्चे के पिता को दी। इसके बाद पिता ने बेटे से पूछताछ की तो उसने घर से पैसे ले जाकर देने की पूरी घटना बताई।
दोबारा 77 हजार रुपये लेने घर पहुंचा युवक
मामला तब और गंभीर हो गया, जब आरोपी पक्ष का एक लड़का कथित तौर पर दोबारा पैसे वसूलने बच्चे के घर पहुंच गया। उसने एक और इत्र की शीशी के बदले 77 हजार रुपये बकाया होने की बात कही।
विरोध करने पर परिजनों को धमकाने का आरोप
बच्चे के पिता ने जब इस रकम को लेकर विरोध किया तो आरोप है कि आरोपी पक्ष के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए और धमकी देने लगे। इसके बाद पीड़ित परिवार ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पिता की शिकायत पर FIR, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित बच्चे के पिता की शिकायत पर खमतराई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, रकम के लेन-देन और आरोपों की जांच कर रही है। मामले में शामिल लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।