राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक सफेद स्कॉर्पियो नाली में फंस गई। वाहन की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
महासमुंद पासिंग स्कॉर्पियो में मिली भारी मात्रा में गांजा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह महासमुंद पासिंग सफेद स्कॉर्पियो मोहल्ले की एक नाली में फंस गई थी। वाहन फंसने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने वाहन की जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
तलाशी में करीब 5 क्विंटल गांजा बरामद
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो के अंदर करीब 5 क्विंटल गांजा मिला। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने वाहन और गांजे को जब्त कर लिया है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से स्कॉर्पियो का चालक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन में गांजा कहां से लाया गया था और इसे रायपुर में कहां पहुंचाया जाना था।
तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच
पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। गांजा तस्करी में चालक के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस वाहन के रूट और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।