स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट स्कूल योजना के तहत रायपुर जिले के 8 सरकारी स्कूलों का चयन किया गया है। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और पर्याप्त शिक्षकीय संसाधन उपलब्ध कराने की तैयारी है।चयनित स्कूलों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला देवरी (धरसींवा), डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित स्कूल, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर का स्कूल, मठपुरैना, संजय नगर, सरोरा (तिल्दा), पोंड (अभनपुर) और भंडारपुरी (आरंग) शामिल हैं।प्रदेश स्तर पर इस योजना के तहत कुल 150 स्कूलों को विकसित किया जा रहा है।
25 शिक्षकों और अन्य शैक्षणिक पदों पर संविदा भर्ती का प्रस्ताव
उत्कृष्ट स्कूलों में केवल भवन और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ही जोर नहीं दिया जा रहा, बल्कि शिक्षकों की कमी दूर करने की भी तैयारी है। रायपुर जिला शिक्षा कार्यालय ने रिक्त पदों के लिए 25 शिक्षकों और अन्य शैक्षणिक पदों पर संविदा भर्ती का प्रस्ताव शिक्षा विभाग को भेजा है।
प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद संबंधित स्कूलों में जरूरत के मुताबिक संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति की जा सकेगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकना और अलग-अलग विषयों के लिए पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
प्रदेश में 1,812 पदों पर होगी संविदा भर्ती
इधर, प्रदेश के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों (सेजेस) में बड़े स्तर पर संविदा भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कैडर के कुल 1,812 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है।
इन पदों में सबसे ज्यादा 590 पद सहायक शिक्षक के हैं। इसके अलावा विभिन्न विषयों में व्याख्याता के 515 पद, प्रयोगशाला सहायक के 170 पद, वाणिज्य व्याख्याता के 104 पद, अंग्रेजी शिक्षक के 106 पद, ग्रंथपाल के 60 पद, व्यायाम शिक्षक के 50 पद और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद शामिल हैं।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में संभावित परीक्षा
भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से होगी। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी रखा गया है। विभाग के अनुसार परीक्षा का आयोजन अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह में संभावित है।
अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन का लिंक सितंबर 2026 में विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जारी किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन और परीक्षा से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए विभागीय सूचना पर नजर रखनी होगी।