राजधानी रायपुर में राह चलती महिलाओं के गले से सोने की चेन, लॉकेट, मोबाइल और अन्य आभूषण छीनकर फरार होने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गोल बाजार और जवाहर मार्केट के आसपास हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए मध्य जोन के DCP ने कार्रवाई की जानकारी दी है।
कोतवाली पुलिस की पैदल सर्चिंग टीम ने दबोचा
मामले में कोतवाली पुलिस की पैदल सर्चिंग टीम ने सोमवार को दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों और खासकर त्योहारी सीजन में महिलाओं और बच्चों को अपना निशाना बनाती थीं। मौका मिलते ही गले से लॉकेट, सोने की चेन और अन्य आभूषण चोरी कर फरार हो जाती थीं।
नंदिनी राजपूत और सानिया मरकाम गिरफ्तार
पुलिस के हत्थे चढ़ी दोनों महिलाओं की पहचान नंदिनी राजपूत और सानिया मरकाम के रूप में हुई है। दोनों आरोपी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
करीब 12 लाख के जेवरात बरामद
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने नकदी, दो दोपहिया वाहन और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
त्योहारी सीजन में बढ़ जाती थी सक्रियता
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी भीड़भाड़ और त्योहारी सीजन का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देती थीं। बाजारों में महिलाओं और बच्चों के आसपास रहकर मौका तलाशना और फिर गहने या मोबाइल चोरी कर निकल जाना इनके तरीके में शामिल था।
अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी
गोल बाजार और जवाहर मार्केट क्षेत्र में हुई घटनाओं के खुलासे के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों महिलाओं ने रायपुर के अन्य इलाकों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इस नेटवर्क में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।