राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ड्रग्स की सप्लाई करने पहुंचे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
डेढ़ लाख रुपये की हेरोइन बरामद
पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई करीब 7 ग्राम हेरोइन की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ड्रग्स कहां से लेकर आए थे और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पॉम रेसीडेंसी के पास हुई घेराबंदी
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी पॉम रेसीडेंसी के पास ड्रग्स की सप्लाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस को उनके संबंध में जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आए आरोपियों के नाम
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आयुष दूबे, निवासी पंचशील नगर सिविल लाइन, अदनान खान और अब्दुल रेहान, निवासी बैजनाथ पारा रायपुर बताया है। पुलिस आरोपियों से उनके संपर्कों और ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
सिविल लाइन थाना पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स के पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई किस तरह की जा रही थी।
NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज
फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली है। आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और पुलिस उनके सप्लाई लिंक को खंगालने में जुटी हुई है।