रायपुर: राजधानी रायपुर के रायपुर-धमतरी रोड स्थित ग्राम डूमरतराई के साहू पारा में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की धारदार चाकू से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
चरित्र शंका के चलते हत्या का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति भुनेश्वर साहू पर पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते इस वारदात को अंजाम देने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले अपनी पत्नी और दोनों बच्चों पर चाकू से हमला किया, जिससे तीनों की मौत हो गई।
वारदात के बाद खुद पर भी किया हमला
बताया जा रहा है कि पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार किया। घटना में वह घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
माना थाना पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेजा गया है।
घटनास्थल सील, जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी भुनेश्वर साहू जिला बालोद का रहने वाला बताया जा रहा है और डूमरतराई के साहू पारा में किराए पर रहता था। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।