गणेश चतुर्थी से पहले राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में तीनों जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने त्योहार के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की।
गणेश समितियों से किया गया संवाद
बैठक के दौरान गणेश समितियों के पदाधिकारियों से भी संवाद किया गया। पुलिस ने गणेश पंडाल लगाने से पहले आवश्यक अनुमति लेने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की। खासतौर पर सड़क किनारे पंडाल स्थापित करने को लेकर पुलिस की अनुमति को जरूरी बताया गया।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी
गणेश चतुर्थी के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने पर भी चर्चा हुई। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएंगी।
पंडालों में CCTV लगाने पर जोर
सड़क किनारे लगाए जाने वाले गणेश पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर पुलिस ने विशेष जोर दिया। पुलिस के मुताबिक निगरानी व्यवस्था मजबूत होने से सुरक्षा बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति में कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गणेश चतुर्थी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही, विवाद या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई गणेश समिति नियमों का उल्लंघन करती है या शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास करती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
DJ को लेकर समितियों से अपील
गणेश समितियों से डीजे के जरिए ध्वनि प्रदूषण नहीं करने और त्योहार के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस ने समितियों से निर्धारित नियमों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
अपराधियों पर पुलिस की रहेगी पैनी नजर
गणेश चतुर्थी से पहले रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने की रणनीति तैयार की है। त्योहार के दौरान चाकूबाजी या किसी अन्य अपराध में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
असामाजिक तत्वों को पुलिस की दो टूक
रायपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या कानून तोड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ-साथ शांति और सद्भाव बनाए रखने पर पुलिस का विशेष फोकस रहेगा।