रायपुर : रायपुर ग्रामीण के थाना माना कैंप पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को 20 सितंबर 2026 की रात करीब 11:45 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार में ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मछली मार्केट के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक अल्टो कार चालक को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, चालक ने कार को तेज रफ्तार से भगाने की कोशिश की। इसी दौरान कार अन्य वाहन और हाट बाजार के पास डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया।
कार की डिक्की से मिला गांजा
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डिक्की से गांजे की गंध आई। गवाहों की मौजूदगी में डिक्की की जांच करने पर दो सफेद-पीले रंग के बैग मिले। दोनों बैग के अंदर खाकी रंग के टेप से पैक किए गए 11 पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा रखा हुआ था।
ओडिशा से दुर्ग ले जाने की बात कबूली
पुलिस पूछताछ में कार चालक की पहचान राजेन्द्र यादव, निवासी डिपरापारा, सोनासिल्ली, पिथौरा, महासमुंद के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने गांजा ओडिशा से लाकर बिक्री के लिए दुर्ग ले जाने की बात बताई।
21.964 किलो गांजा और कार जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 21.964 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 10 लाख 98 हजार 200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार क्रमांक CG 04 NN 6018 भी जब्त की गई। पुलिस ने जब्त सामान की कुल कीमत करीब 13 लाख 48 हजार 200 रुपये बताई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
माना कैंप पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस की तस्करी नेटवर्क पर नजर
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को गांजा कहां से मिला और इस तस्करी नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं। ओडिशा से रायपुर होते हुए दुर्ग तक गांजा पहुंचाने के मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।