राजधानी रायपुर के श्याम स्क्वायर स्थित इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में गुरुवार को पुलिस ने दबिश दी। एसीपी स्नेहिल साहू के नेतृत्व में सिविल लाइन और देवेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर की जांच की। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने का दावा किया है।
दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर में दूसरे राज्यों से युवतियों को बुलाकर काम कराया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान सेंटर में मौजूद युवतियों से पुलिस ने पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए।
युवतियों ने लगाया जबरन देह व्यापार कराने का आरोप
पूछताछ के दौरान वहां मौजूद युवतियों ने स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाए। युवतियों का आरोप है कि उनसे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि युवतियों के बयानों और मौके से मिली सामग्री के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।
संचालक और मैनेजर के खिलाफ दर्ज हुआ केस
पुलिस कार्रवाई के बाद स्पा सेंटर के संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर, निवासी टिकरापारा, और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा, निवासी भिलाई-3, के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पीटा एक्ट के तहत देवेंद्र नगर थाने में कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ देवेंद्र नगर थाने में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (PITA Act), 1956 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में युवतियों के बयानों, बरामद सामग्री और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।