राजधानी रायपुर में सराफा कारोबारी से जेवर बनाने के नाम पर 150 ग्राम फाइन गोल्ड लेकर कारीगर के फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी पहले भी कारोबारी से सोना लेकर जेवर तैयार कर समय पर वापस करता था। इसी वजह से कारोबारी का उस पर भरोसा बन गया था। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर कारीगर सोना लेकर पश्चिम बंगाल फरार हो गया।
20 साल से ज्वेलरी कारोबार से जुड़े हैं कारोबारी
पीड़ित कारोबारी तापस सामंत करीब 20 वर्षों से ज्वेलरी कारोबार से जुड़े हैं। बुढ़ापारा स्थित सोनी सदन के पास उनकी महालक्ष्मी ज्वेलरी वर्कशॉप के नाम से दुकान है, जहां वे लंबे समय से आभूषण निर्माण का काम करते हैं।
पहले कई बार लेकर गया था फाइन गोल्ड
बताया गया कि शुभांकर हलदर उनकी दुकान में ज्वेलरी कारीगर के तौर पर काम करता था। वह इससे पहले भी कई बार कारोबारी से फाइन गोल्ड लेकर जेवर तैयार करता और वापस कर देता था। पुराने व्यवहार और समय पर सोना लौटाने के कारण कारोबारी को उस पर पूरा भरोसा हो गया था।
150 ग्राम सोना लेकर पश्चिम बंगाल जाने की बात
इसी भरोसे के बीच कारोबारी ने शुभांकर को करीब 150 ग्राम फाइन गोल्ड जेवर बनाने के लिए दिया। बाद में आरोपी सोना लेकर पश्चिम बंगाल चला गया। काफी समय बीतने के बाद भी जब तैयार जेवर वापस नहीं मिले तो कारोबारी ने उससे संपर्क करने की कोशिश की।
मां की तबीयत खराब होने का दिया हवाला
जानकारी के मुताबिक, 18 अप्रैल को कारोबारी ने फोन कर जेवर तैयार होने के संबंध में पूछा। इस पर शुभांकर ने बताया कि अभी जेवर तैयार नहीं हुए हैं। उसने कहा कि पश्चिम बंगाल के नादिया में रहने वाली उसकी मां की तबीयत खराब है और उसे गांव जाना पड़ सकता है। आरोपी ने लौटने के बाद जेवर बनाकर देने की बात कही।
मोबाइल बंद होने के बाद बढ़ा शक
काफी समय तक सोना वापस नहीं मिलने पर कारोबारी को संदेह हुआ। उन्होंने शुभांकर की तलाश शुरू की और उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में उसका मोबाइल बंद हो गया। जानकारी जुटाने पर पता चला कि आरोपी रायपुर से फरार हो चुका है।
कोतवाली थाने में दर्ज हुई शिकायत
इसके बाद पीड़ित कारोबारी ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी शुभांकर हलदर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
मोबाइल और संपर्कों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर, उसके संपर्कों और पश्चिम बंगाल में संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आरोपी सोना लेकर कहां गया और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति इस मामले में शामिल है या नहीं।
सोने की बरामदगी और गिरफ्तारी का प्रयास
पुलिस का मुख्य फोकस आरोपी को पकड़ने के साथ 150 ग्राम फाइन गोल्ड की बरामदगी पर है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जाएगी।