राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की शिक्षिका के सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
परिवार के बाहर जाते ही तोड़ा मकान का ताला
पुलिस के मुताबिक, खमतराई थाना क्षेत्र के केंद्रीय विद्यालय, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित कर्मचारी क्वार्टर क्रमांक 3/5 में 31 अगस्त को चोरी हुई। यशवंती साहू और उनके परिजनों के घर से बाहर जाने के कुछ देर बाद आरोपी दोपहर के समय मकान में पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए।
आलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी
आरोपियों ने घर की आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ किया। चोरी के बाद आरोपी एक्टिवा से मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पहले बाइक से की रेकी, फिर बदला वाहन
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने वारदात से पहले मोटरसाइकिल से इलाके की रेकी की थी। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए वाहन बदलकर दोबारा एक्टिवा से मौके पर पहुंचे और सूने मकान को निशाना बनाया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
शिकायत मिलते ही खमतराई थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और कुछ ही घंटों में उनकी गतिविधियों का पता लगा लिया।
24 घंटे के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस की नॉर्थ जोन टीम और क्राइम टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी के सामान की बरामदगी की।
109 ग्राम सोने के आभूषण समेत 16.50 लाख का माल जब्त
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 109 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा चांदी के आभूषण, नगदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व एक्टिवा भी जब्त की गई है। जब्त किए गए चोरी के सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
सारिक खान पर पहले भी चोरी का मामला
गिरफ्तार आरोपियों में सारिक खान निवासी नयापारा, मूल निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग शामिल है। पुलिस के मुताबिक, सारिक खान पूर्व में वर्ष 2017 में दुर्ग जिले में चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
मो. तौसीफ भी जा चुका है जेल
दूसरे आरोपी की पहचान मो. तौसीफ निवासी चूना भट्टी, थाना गंज, मूल निवासी तकियापारा, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तौसीफ भी वर्ष 2022 में दुर्ग जिले में चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
रायपुर पुलिस की नागरिकों से अपील
रायपुर पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। घर और परिसर में CCTV कैमरे सही स्थान पर लगाएं और उनकी नियमित निगरानी करें।
गार्ड और कामगारों का कराएं वेरिफिकेशन
पुलिस ने कहा है कि जिन परिसरों में सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, वहां आने-जाने वाले लोगों की पहचान, वाहन नंबर और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज कराए जाएं। वहीं किसी भी संस्थान या प्रतिष्ठान में कामगार अथवा नौकर रखने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराया जाए।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल पुलिस को दें सूचना
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि सतर्कता और समय पर सूचना देकर चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सकता है।