राजधानी रायपुर में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने कांकेर से गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी अजय रक्सेल को पकड़ा है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पीड़ित का दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू भी बरामद किया है।
दाउजी बिल्डिंग के पास ले जाकर किया विवाद
पुलिस के मुताबिक शुभम श्रीवास्तव ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 अगस्त 2026 की रात अजय रक्सेल उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास स्थित एक गली में ले गया था। वहां अजय ने अपने साथी हर्ष कोसले और एक अन्य व्यक्ति को भी बुला लिया।
पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार बातचीत के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर अजय रक्सेल ने शुभम के साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शुभम को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट की।
हत्या की नीयत से चाकू से हमला
विवाद बढ़ने के बाद अजय रक्सेल और उसके साथियों ने कथित तौर पर शुभम पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक हमला हत्या की नीयत से किया गया था। चाकू लगने से शुभम के दोनों पैरों समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद अजय रक्सेल समेत तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 454/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5), 309(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
आरोपियों की तलाश में जुटी संयुक्त टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम को आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस ने पीड़ित से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।
मुखबिर और तकनीकी विश्लेषण से मिली लोकेशन
पुलिस टीम लगातार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसके साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अजय रक्सेल कांकेर जिले में छिपा हुआ है।
कांकेर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम कांकेर के लिए रवाना हुई। वहां लगातार पतासाजी और दबिश के बाद पुलिस ने अजय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पीड़ित का दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू जब्त किया गया।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अजय रक्सेल का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह वर्ष 2022 में तेलीबांधा थाना और वर्ष 2023 में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मारपीट एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
24 वर्षीय आरोपी रायपुर का निवासी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय रक्सेल पिता राज रक्सेल, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। वह नवभारत प्रेस, रजबंधा मैदान के पास मरही माता मंदिर, थाना मौदहापारा क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल हर्ष कोसले सहित अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।