राजधानी रायपुर में महापौर मीनल चौबे के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने शहर में जलभराव और सड़क निर्माण से जुड़े मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें महापौर मीनल चौबे के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
भाजपा पार्षद दल ने जताया कड़ा विरोध
मामले को लेकर भाजपा पार्षद दल ने कड़ा विरोध जताया है। महापौर के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा पार्षद दल के सदस्य सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
युवक की पहचान कर कार्रवाई की मांग
भाजपा पार्षद दल ने पुलिस से सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने वाले युवक की पहचान करने की मांग की है। साथ ही उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है। शिकायत में वीडियो में इस्तेमाल की गई कथित आपत्तिजनक और अभद्र भाषा पर भी आपत्ति जताई गई है।
दीपक जायसवाल बोले- बर्दाश्त नहीं करेंगे अभद्रता
भाजपा MIC सदस्य दीपक जायसवाल ने कहा कि रायपुर की प्रथम नागरिक और महापौर मीनल चौबे के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी को भाजपा पार्षद दल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि मामले में आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग पुलिस से की गई है।
पुलिस कार्रवाई पर रहेगी नजर
भाजपा पार्षद दल की शिकायत के बाद अब इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करने वाले युवक की पहचान और शिकायत के आधार पर पुलिस नियमानुसार जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।