रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक ड्रग्स तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर करीब तीन घंटे बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मुशर्फ कादरी (22) के रूप में हुई है। उसे मौदहापारा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान के पास पकड़ा था।
अंधेरे और तंग गलियों का उठाया फायदा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान वह अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर पुलिस की अभिरक्षा से भाग निकला। अचानक हुई इस घटना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी।
तीन घंटे तक चली तलाश, काला मैदान के पास पकड़ाया
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने फरार आरोपी को करीब तीन घंटे के भीतर काला मैदान के पास से दोबारा पकड़ लिया।
पेड़ के नीचे छिपाकर रखा था ड्रग्स से भरा पर्स
दोबारा गिरफ्त में आने के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास एक पेड़ के नीचे छिपाकर रखा गया पर्स बरामद किया। तलाशी लेने पर पर्स के अंदर चार पैकेट में सफेद रंग का नशीला पाउडर मिला।
4.93 ग्राम MDMA ड्रग्स, कीमत 28 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार, जांच में बरामद सफेद पाउडर MDMA ड्रग्स पाया गया। चारों पैकेट सहित इसका कुल वजन 4.93 ग्राम है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 28 हजार रुपये आंकी गई है।
मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी
मौदहापारा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त किया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।