रायपुर: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में युवक की गुमशुदगी के मामले में पुलिस ने हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों राजा नायडू और विनोद दांडेकर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक निरंजन पाल का शव बरामद कर लिया गया है।
10 नवंबर की रात से लापता था निरंजन
पुलिस के मुताबिक, निरंजन पाल 10 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे से घर से लापता था। उसकी मां ने तेलीबांधा थाने पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और युवक की तलाश शुरू कर दी।
पूछताछ में सामने आई पुरानी रंजिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान राजा नायडू से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। आगे की पूछताछ में विनोद दांडेकर की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, विनोद करीब 10 साल पहले अपने बेटे की हत्या में निरंजन पाल के शामिल होने के संदेह के चलते उससे दुश्मनी रखता था।
शराब पिलाने के बाद गला दबाकर की हत्या
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि पुरानी रंजिश के चलते विनोद दांडेकर ने राजा नायडू के साथ मिलकर निरंजन पाल को कमल विहार सेक्टर-13 बुलाया था। यहां दोनों आरोपियों ने पहले उसे शराब पिलाई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
गटर में फेंका शव, जलाए मृतक के कपड़े
हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान और साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। इसके लिए मृतक के कपड़े जला दिए और शव को गटर में फेंक दिया। वहीं, निरंजन की एक्टिवा को बाकल नदी के पास छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव के साथ जले हुए कपड़े और एक्टिवा भी बरामद कर ली है।
राजा नायडू थाने का गुंडा-बदमाश
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राजा नायडू तेलीबांधा थाने का गुंडा-बदमाश है। वहीं, दूसरे आरोपी की पहचान विनोद दांडेकर के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ के बाद हत्या में उनकी भूमिका सामने आई।
हत्या और अन्य धाराओं में कार्रवाई
तेलीबांधा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।