रायपुर में प्रेम-प्रसंग को लेकर युवक की कार से कुचलकर हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने आखिरकार रायपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। खास बात यह रही कि आरोपी वकील की ड्रेस पहनकर कोर्ट परिसर पहुंचा था। इसके बाद आमानाका पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया
न्यायालय में पेशी के बाद कोर्ट ने आरोपी भरत मंगनानी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान हत्या की वजह, वारदात में इस्तेमाल कार और घटना के बाद फरारी के दौरान आरोपी के ठिकानों समेत अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
14 अगस्त को हुई थी परमजीत की हत्या
दरअसल, 14 अगस्त को टाटीबंध स्थित एम्स के सामने परमजीत रणगण्ही की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी भरत मंगनानी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
शिखा साहू से शादी की बातचीत का मामला
बताया जा रहा है कि परमजीत रणगण्ही की शादी शिखा साहू से तय होने को लेकर बातचीत चल रही थी। घटना वाले दिन शिखा अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारे के पास शिखा और परमजीत की मुलाकात के दौरान भरत भी वहां मौजूद था।
बातचीत के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, परमजीत और भरत के बीच बातचीत के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद भरत ने तेज रफ्तार कार परमजीत के ऊपर चढ़ा दी। हादसे में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद फरार हो गया था आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भरत मंगनानी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी और लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद आरोपी ने न्यायालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
अब पुलिस पूछताछ में खुलेगा हत्या का राज
भरत मंगनानी के सरेंडर के बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। तीन दिन की पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से हत्या की असली वजह, कार से कुचलने की घटना, वारदात की परिस्थितियों और फरारी के दौरान उसके ठिकानों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूछताछ के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।