राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में विवाहिता राजकुमारी साहू को पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी वीरू धीवर (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला को आग लगाने की बात स्वीकार की है।
शादी करना चाहता था आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह राजकुमारी से शादी करना चाहता था। हालांकि, राजकुमारी के अन्य लोगों से बातचीत और संपर्क में रहने की बात उसे पसंद नहीं थी। आरोपी के अनुसार, इन्हीं परिस्थितियों के कारण उसकी शादी में अड़चन आ रही थी।
महिला को रास्ते से हटाने की बनाई योजना
पुलिस के अनुसार, शादी में आ रही कथित अड़चन से नाराज आरोपी ने राजकुमारी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने से पहले उसने कथित तौर पर पूरी तैयारी की थी।
लोकेशन ट्रेस न हो, इसलिए मोबाइल घर पर छोड़ा
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने घटना से पहले अपना मोबाइल फोन बंद कर घर पर छोड़ दिया था। उसका उद्देश्य अपनी लोकेशन को ट्रेस होने से बचाना था। इसके बाद उसने पेट्रोल पंप से एक बोतल में पेट्रोल लिया और उसे अपनी गाड़ी की डिक्की में रख लिया।
सुनसान रास्ते पर ले जाने की बनाई योजना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी घटना स्थल से पहले से परिचित था। उसने राजकुमारी को समझाकर एयरपोर्ट के पीछे निर्माणाधीन और सुनसान रास्ते की ओर ले जाने की योजना बनाई, ताकि वहां वारदात को अंजाम दिया जा सके।
पुराने विवाद को लेकर दोनों में हुई बहस
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह राजकुमारी को एयरपोर्ट के पीछे बरोदा गांव की ओर जाने वाले निर्माणाधीन रास्ते पर लेकर पहुंचा। वहां दोनों के बीच बातचीत के दौरान पुराने विवाद को लेकर बहस शुरू हो गई।
पेट्रोल डालकर महिला को लगाई आग
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने गाड़ी की डिक्की में रखी पेट्रोल की बोतल निकाली और राजकुमारी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही महिला जान बचाने के लिए चीखते हुए सड़क की ओर भागने लगी।
मौके से फरार हो गया आरोपी
महिला के शरीर में आग लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आग की लपटों में घिरी राजकुमारी को एयरपोर्ट के पीछे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने देखा।
सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को दी सूचना
महिला की हालत देखकर सुरक्षा गार्ड ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। राजकुमारी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।
इलाज के दौरान हुई महिला की मौत
पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी साहू को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी वीरू धीवर को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।