रायपुर। जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत कोहका-राजिया पुल के पास तेज बारिश के चलते उफनते नाले में एक युवक के बह जाने की सूचना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पानी के तेज बहाव के कारण युवक का अब तक पता नहीं चल सका है।
दोस्तों के साथ खुरमुड़ी गया था युवक
जानकारी के मुताबिक, 24 वर्षीय अंकित पाठक, निवासी नागेश्वर नगर, बिरगांव, अपने दोस्तों के साथ ग्राम खुरमुड़ी स्थित अपने जीजा के घर गया था। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के नाले में तेज बहाव बना हुआ था।
नाला पार करते समय बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे अंकित अपने दोस्तों के साथ खुरमुड़ी से पैदल बिरगांव स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान राजिया पुल के पास नाला पार करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गया। उसके साथ मौजूद अन्य दोस्त सुरक्षित बच गए।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद युवक की तलाश शुरू की गई। परिजन भी रात से ही अंकित की तलाश में जुटे हुए हैं।
युवक का अब तक नहीं मिला सुराग
फिलहाल अंकित पाठक का पता नहीं चल पाया है। राजिया पुल के पास पानी के तेज बहाव के कारण आवागमन भी प्रभावित बताया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की ओर से तलाश जारी है।
बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील
तेज बारिश और नालों में उफान की स्थिति को देखते हुए लोगों से पुल, नाले और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। विशेष रूप से तेज बहाव वाले स्थानों को पैदल या वाहन से पार करने से बचने की सलाह दी गई है।