राजधानी रायपुर की ग्रामीण पुलिस टीम ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कई वाहन भी बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा होने का दावा किया गया है।
Bullet, KTM, Activa और Splendor समेत कई वाहन बरामद
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग स्थानों से दोपहिया और चार पहिया वाहनों की चोरी करते थे। आरोपियों के कब्जे से Bullet, KTM, Activa और Splendor जैसी दोपहिया गाड़ियों के अलावा Innova Crysta और चोरी किए गए ट्रैक्टर भी बरामद किए गए हैं।
दोंदेकला से गैरेज के बाहर खड़ी Innova Crysta चोरी
पुलिस के अनुसार, विधानसभा थाना क्षेत्र के दोंदेकला में गैरेज में बनने के लिए आई Innova Crysta गाड़ी को आरोपियों ने चोरी कर लिया था। इसके अलावा राजधानी के अलग-अलग इलाकों से भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया।
घड़ी चौक और आमासिवनी रोड से भी वाहन चोरी
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने घड़ी चौक और आमासिवनी रोड पर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाया। वहीं तेलीबांधा मरीन ड्राइव और शराब दुकान के पास खड़े दोपहिया वाहनों की चोरी की वारदात भी सामने आई है।
धनसुली से ट्रैक्टर चोरी करने का आरोप
आरोपियों पर ग्राम धनसुली से ट्रैक्टर चोरी करने का भी आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इसी क्षेत्र में ईंट भट्ठे के पास खड़े एक अन्य ट्रैक्टर को भी चोरी कर आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने जांच के दौरान इन वाहनों को भी बरामद किया है।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में साहिल राय, संजीव दत्ता, अमरजीत सिंह और दिनेश कुमार टंडन को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वाहन चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
चौथा आरोपी पहले पुलिस विभाग में था आरक्षक
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिनेश कुमार टंडन महासमुंद जिले का निवासी है और पहले पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, गांजा तस्करी के एक मामले में सह आरोपी के तौर पर पकड़े जाने के बाद उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद उसके अपराध की दुनिया में आने की बात पुलिस ने बताई है।
अन्य चोरी की वारदातों की भी जांच जारी
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में वाहन चोरी से जुड़ी अन्य वारदातों और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।