बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं और शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बलौदाबाजार जिले के जनपद पंचायत भाटापारा में दिव्यांगजनों के लिए चिन्हांकन, प्रमाणीकरण एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया।
जरूरत के अनुसार उपलब्ध कराए गए सहायक उपकरण
शिविर में दिव्यांगजनों की जरूरतों का आकलन कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इस दौरान कृत्रिम अंग, कैलिपर्स और स्प्लिंट सहित अन्य जरूरी सुविधाएं प्रदान की गईं, जिससे लाभार्थियों को दैनिक जीवन में सहूलियत मिल सके।
100 दिव्यांगजनों का हुआ पंजीयन
शिविर में कुल 100 दिव्यांगजनों का पंजीयन किया गया। इनमें से 65 दिव्यांगजनों का सहायक उपकरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन किया गया। वहीं पात्र दिव्यांगजनों को तत्काल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स का निर्माण कर मौके पर ही वितरण किया गया।
49 दिव्यांगजनों के बनाए गए UDID कार्ड
शिविर के दौरान 49 दिव्यांगजनों के UDID कार्ड भी बनाए गए। इससे पात्र हितग्राहियों को दिव्यांगजन से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ रहा अभियान
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से दिव्यांगजनों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान बनाने, उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और विभिन्न शासकीय सुविधाओं से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है। इस पहल से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में सहूलियत मिलने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।