रायपुर: ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। इस मामले पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और इस तरह का आचरण उन्हें शोभा नहीं देता।सीएम साय ने कहा कि राहुल गांधी का आचरण देश के सामने एक्सपोज हो रहा है। उन्होंने यह टिप्पणी ओडिशा प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए की।
PM मोदी की मिमिक्री पर सीएम साय की प्रतिक्रिया
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर बीजेपी नेताओं की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं और उन्हें इस तरह की गतिविधि शोभा नहीं देती।
ओडिशा CM मोहन माझी से मुलाकात का जिक्र
ओडिशा प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि उनकी ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी से मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों राज्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।मुख्यमंत्री ने खास तौर पर महानदी जल विवाद का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अब इसकी रिपोर्ट केंद्रीय जल आयोग (CWC) को सौंप दी गई है।
महानदी जल विवाद जल्द सुलझने की उम्मीद
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है और दोनों प्रदेशों में ‘डबल इंजन’ की सरकार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महानदी जल से जुड़ा मामला जल्द सुलझ जाएगा।उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच इस विषय को लेकर आगे सकारात्मक तरीके से समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।