बिहार पुलिस में पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) और समकक्ष पदों पर बड़ी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। गृह विभाग ने कुल 20,937 पदों को लेकर नई अधिसूचना जारी की है। इसके तहत 10,468 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी, जबकि 10,469 पद प्रमोशन के जरिए भरे जाएंगे।
गृह विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन
गृह विभाग के अवर सचिव इंदुभूषण सिंह की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि बिहार पुलिस मैन्युअल के अनुसार दारोगा पदों का 50 प्रतिशत हिस्सा प्रमोशन के माध्यम से भरा जाना अनिवार्य है। इसी नियम के तहत कुल पदों को सीधी बहाली और प्रमोशन कोटे में बराबर बांटा गया है। सभी पद वेतन स्तर-6 के अंतर्गत होंगे।
48 हजार से ज्यादा नए पदों का हुआ सृजन
राज्य सरकार ने बढ़ती जनसंख्या और पुलिस बल की जरूरतों को देखते हुए बिहार police में कुल 48,447 नए पदों का सृजन किया था।
इनमें—
- 20,937 पद दारोगा और समकक्ष
- 22,010 पद सिपाही एवं समकक्ष
- 5,500 पद चालक सिपाही एवं समकक्ष शामिल हैं।
ERSS परियोजना के पद रहेंगे अलग
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि ERSS परियोजना के दूसरे चरण के तहत सृजित 19,288 पद इस व्यवस्था में शामिल नहीं होंगे। इन पदों में पुलिस निरीक्षक, अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक, चालक हवलदार, चालक सिपाही, हवलदार और सिपाही के पद शामिल हैं।
युवाओं के लिए बड़ा मौका
बिहार पुलिस में दारोगा भर्ती को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह बड़ी खबर मानी जा रही है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद हजारों अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा।