एडमोंटन: कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित नानकसर गुरुसिख मंदिर गुरुद्वारे में शनिवार सुबह हुए हमले से हड़कंप मच गया। पुलिस और समुदाय के प्रतिनिधियों के अनुसार, गुरुद्वारे के अंदर एक व्यक्ति ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में दोनों लोग घायल हुए हैं।
सुबह की प्रार्थना के दौरान हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, घटना एडमोंटन शहर के उत्तर-पूर्वी बाहरी इलाके में स्थित नानकसर गुरुसिख मंदिर में सुबह करीब 5 बजे के बाद हुई। उस समय गुरुद्वारे में शादी समारोह से पहले सुबह की प्रार्थना चल रही थी। हमले की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। घायल दोनों लोगों को मेडिकल सहायता दी गई।
PM मार्क कार्नी ने जताया दुख
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने गुरुद्वारे में हुए हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने घटना को बेहद दुखद और चौंकाने वाला बताते हुए घायलों और सिख समुदाय के प्रति एकजुटता जताई कार्नी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने धार्मिक स्थल पर असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। उन्होंने घटना पर त्वरित कार्रवाई के लिए एडमोंटन पुलिस सेवा की भी सराहना की।
विपक्ष के नेता पियरे पोइलिवरे ने भी की निंदा
कनाडा के विपक्षी नेता पियरे पोइलिवरे ने भी हमले को भयावह बताया। उन्होंने कहा कि हमले के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को कानून के तहत पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। पोइलिवरे ने अधिकारियों से हिंसा के पीछे की वजह का पता लगाने और कनाडा में लोगों को सुरक्षित माहौल में अपने धर्म का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
पुलिस ने एक संदिग्ध को किया गिरफ्तार
एडमोंटन पुलिस सेवा के अनुसार, 14 स्ट्रीट और हॉर्स हिल रोड के पास घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय सिख समुदाय में चिंता का माहौल है।