भोपाल: भोपाल और इंदौर में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। 12 नवंबर से दोनों शहरों में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) की सुविधा शुरू हो रही है। इस स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने और टिकट काउंटर की लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। ATM कार्ड की तरह दिखने वाले इस कार्ड को एक बार खरीदकर रिचार्ज कराया जा सकेगा। इसकी कीमत 50 रुपए रखी गई है। खास बात यह है कि NCMC कार्ड का इस्तेमाल दिल्ली और मुंबई समेत उन शहरों की मेट्रो में भी किया जा सकेगा, जहां यह सुविधा लागू है।
₹50 में मिलेगा NCMC कार्ड, जरूरत के हिसाब से कराएं रिचार्ज
NCMC एक स्मार्ट कार्ड आधारित टिकटिंग व्यवस्था है। यात्री इस कार्ड को मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर से खरीद सकेंगे। कार्ड जारी करने के लिए 50 रुपए शुल्क देना होगा। कार्ड खरीदने के बाद यात्री अपनी जरूरत के मुताबिक इसमें पैसे रिचार्ज करा सकेंगे। इसके बाद मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट के दौरान कार्ड का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे हर यात्रा के लिए अलग टिकट खरीदने की परेशानी खत्म होगी।
भोपाल के इन 8 मेट्रो स्टेशनों पर मिलेगा कार्ड
भोपाल में फिलहाल चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों पर NCMC कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। यात्री इन स्टेशनों के टिकट काउंटर से कार्ड खरीद सकेंगे।
सुभाषनगर
केंद्रीय विद्यालय
डीबी मॉल
एमपी नगर
रानी कमलापति
डीआरएम तिराहा
अलकापुरी
एम्स
वहीं इंदौर मेट्रो के सभी स्टेशनों पर टिकट काउंटर के माध्यम से NCMC कार्ड लेने की सुविधा मिलेगी।
मेट्रो किराए में 25% की छूट भी रहेगी जारी
भोपाल और इंदौर मेट्रो में यात्रियों को किराए में 25 प्रतिशत की छूट का लाभ भी मिलता रहेगा। यह छूट सिंगल जर्नी टिकट पर लागू होगी।हालांकि, इस छूट का फायदा उन्हीं यात्राओं पर मिलेगा, जिनका निर्धारित किराया 20 रुपए से अधिक है। यानी 20 रुपए के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत की प्रमोशनल छूट लागू नहीं होगी।
टिकट वेंडिंग मशीन से 30 सेकंड में मिलेगा QR टिकट
NCMC कार्ड के अलावा भोपाल और इंदौर मेट्रो में टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) की सुविधा भी उपलब्ध है। यात्री इन मशीनों से खुद QR टिकट खरीद सकते हैं।इसके लिए मशीन की स्क्रीन पर 'Buy QR Ticket' विकल्प चुनना होगा। इसके बाद यात्रा के गंतव्य स्टेशन का चयन करने पर किराया दिखाई देगा। यात्री UPI से QR कोड स्कैन कर भुगतान कर सकेंगे। भुगतान पूरा होते ही मशीन से टिकट मिल जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 30 सेकंड लगते हैं।
यात्री टिकट खरीदने के लिए इन माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं
मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर
टिकट वेंडिंग मशीन (TVM)
MP Metro मोबाइल ऐप
31 दिसंबर तक टिकट पर मिलेगी विशेष छूट
मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से यात्रियों को 31 दिसंबर 2026 तक विशेष किराया छूट दी जा रही है। यह ऑफर 11 अक्टूबर से लागू है।
अलग-अलग टिकट श्रेणियों में मिलने वाली छूट इस प्रकार है
टिकट का प्रकार
मिलने वाली छूट
सिंगल जर्नी टिकट (SJT)
25% अतिरिक्त
रिटर्न जर्नी टिकट (RJT)
कुल 30%
ग्रुप टिकट (GT)
कुल 35%
ई-वॉलेट रिचार्ज
8 से 15% बोनस
ग्रुप टिकट कम से कम 2 यात्रियों के लिए उपलब्ध है। वहीं 20 रुपए के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत की प्रमोशनल छूट लागू नहीं होगी।
यात्रियों को मिलेगी टिकट खरीदने की परेशानी से राहत
भोपाल और इंदौर मेट्रो में NCMC स्मार्ट कार्ड, QR टिकट और ई-वॉलेट रिचार्ज बोनस जैसी सुविधाएं शुरू होने से यात्रियों को टिकट खरीदने में आसानी होगी। खासकर रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को बार-बार टिकट लेने और काउंटर की लाइन में लगने से राहत मिलेगी।