भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति को ‘हिट एंड रन’ करार देते हुए उन्हें ‘अबोध बालक’ बताया। नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी चुनाव जीतने पर खुद को होशियार बताते हैं, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग को बेईमान ठहराने लगते हैं। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी कांग्रेस पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी की राजनीति 'हिट एंड रन', नड्डा ने साधा निशाना
भोपाल में आयोजित पदयात्रा के दौरान जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति कॉलेज के उस विद्यार्थी जैसी है, जो परीक्षा में पास होने पर खुद को होशियार और फेल होने पर शिक्षक को बेईमान बताता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ भी यही स्थिति है। जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे चुनाव निष्पक्ष नजर आते हैं, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए जाते हैं। नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी राजनीति और कार्यशैली पर आत्मचिंतन करने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने और देश में भ्रम की स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश को अस्थिर करना चाहते हैं: नड्डा
अटल पथ पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस किस मुंह से लोकतंत्र की रक्षा की बात करती है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में आपातकाल लगाए जाने और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किए जाने का मुद्दा उठाया। नड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में करीब 90 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया। आपातकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह खुद भी इसके भुक्तभोगी रहे हैं। उनके मुताबिक, कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं और विपक्ष गैरजिम्मेदाराना व्यवहार कर रहा है।
कांग्रेस को अगले 20-30 साल तक राजनीतिक जगह नहीं मिलेगी: नड्डा
जेपी नड्डा ने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जनता का समर्थन लगातार कम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले 20 से 30 साल तक कांग्रेस को राजनीतिक रूप से जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का समर्थन करते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची को शुद्ध करने का काम किया है। नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जाली वोटों के जरिए चुनाव जीतना चाहती थी, जबकि एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची में सुधार किया जा रहा है। आपातकाल के दौरान हुई गिरफ्तारियों का जिक्र करते हुए नड्डा ने दावा किया कि करीब 1.30 लाख लोगों को जेल में डाला गया था। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि कॉलेज के दिनों में उन्हें भी कक्षा से उठाकर ले जाया गया था।
मोदी को गालियां देकर सत्ता में नहीं आएगी कांग्रेस
नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बौखलाहट में प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रही है। नड्डा ने कहा कि जनता इस तरह की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कांग्रेस को चुनावी चुनौती देते हुए कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश और 2028 में मध्यप्रदेश के चुनाव में मुकाबला कर लेना, तब पता चल जाएगा कि जनता किसके साथ है।

सीएम डॉ.मोहन यादव बोले- कांग्रेस लोकतंत्र का मजाक उड़ा रही
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र का मजाक उड़ा रही है और न्यायालय के फैसलों का सम्मान नहीं करती। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब-जब न्यायालय ने कांग्रेस के खिलाफ फैसला सुनाया, तब पार्टी ने न्यायाधीशों और न्यायालय पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी पर राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के नेता हैं और जनता का विश्वास उनके साथ है।

हेमंत खंडेलवाल का आरोप- विदेशी ताकतों से सहयोग ले रही कांग्रेस
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में अब तक हुए 12 एसआईआर में से 10 कांग्रेस की सरकारों के कार्यकाल में हुए हैं। इसके बावजूद आज कांग्रेस एसआईआर पर सवाल उठा रही है। खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी आरोप लगाकर राजनीतिक रूप से पीछे हटने की रणनीति अपना रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस विदेशी ताकतों से सहयोग लेकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र को बचाने और अराजकता को हटाने के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।