भोपाल डेस्क।पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की कीमतों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कैंसर की दवाओं में भारी मुनाफाखोरी के आरोपों का जिक्र किया और सरकार से दवाओं की कीमतों के नियमन की मांग की।कमलनाथ ने कहा कि रिपोर्ट्स में ऐसी दवाओं का उल्लेख किया गया है, जिनकी करीब 300 रुपये की खरीद कीमत के मुकाबले एमआरपी 12 हजार रुपये या उससे अधिक बताई जा रही है।
बोले- आम आदमी के लिए इलाज का खर्च उठाना मुश्किल
कमलनाथ ने कैंसर की दवाओं की कीमतों में इस अंतर को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने इसे आम लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत से जोड़ते हुए कहा कि देश में प्रति व्यक्ति औसत आय करीब 2 लाख रुपये सालाना है।उनका कहना है कि ऐसे में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज का खर्च आम परिवारों के लिए कितना मुश्किल हो सकता है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
दवाओं की कीमत सामान्य स्तर पर लाने की मांग
पूर्व सीएम ने सरकार से मांग की कि कैंसर की दवाओं की कीमतों का नियमन किया जाए और इन्हें सामान्य स्तर पर लाया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि यदि दवाओं की कीमतों को कम किया जाता है, तो उनकी गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उचित कीमत पर उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं की गुणवत्ता भी उचित स्तर की हो, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।