भोपाल: मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल यानी 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी। प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 1,500 रुपए की आर्थिक सहायता पहुंचेगी।
1.24 करोड़ से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पिछोर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से योजना की 42वीं किस्त अंतरित करेंगे। इस बार कुल 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।सरकार की ओर से इस किस्त के लिए 1,831 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक की राशि जारी की जाएगी। राशि सीधे महिलाओं के आधार से जुड़े डीबीटी सक्रिय बैंक खातों में पहुंचेगी।
नवंबर 2025 से मिल रहे हैं 1500 रुपए
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। शुरुआत में पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए दिए जाते थे।इसके बाद अक्टूबर 2023 में मासिक सहायता राशि बढ़ाकर 1,250 रुपए कर दी गई। नवंबर 2025 से इसमें 250 रुपए की और बढ़ोतरी की गई, जिसके बाद महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपए मिलने लगे।
अब तक 67 हजार करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जून 2023 से अक्टूबर 2026 तक योजना की 41 मासिक किस्तों के माध्यम से महिलाओं के खातों में 67,230 करोड़ 96 लाख रुपए ट्रांसफर किए जा चुके हैं।नवंबर 2026 में 42वीं किस्त जारी होने के बाद योजना की शुरुआत से अब तक कुल आर्थिक सहायता लगभग 69,050 करोड़ 28 लाख रुपए हो जाएगी।इसके अलावा अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में चार बार पात्र महिलाओं को 250 रुपए की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई है।
2026-27 में योजना के लिए 23,882 करोड़ का बजट
मध्यप्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना के संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 23,882 करोड़ 81 लाख रुपए का बजट निर्धारित किया है।
योजना के तहत पिछले वर्षों में खर्च की गई राशि इस प्रकार है
वित्तीय वर्ष 2023-24: 14,726 करोड़ 5 लाख रुपए
वित्तीय वर्ष 2024-25: 19,051 करोड़ 39 लाख रुपए
वित्तीय वर्ष 2025-26: 20,318 करोड़ 53 लाख रुपए
वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में अक्टूबर 2026 तक 13,134 करोड़ 97 लाख रुपए की सहायता दी जा चुकी है। नवंबर की किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा लगभग 14,954 करोड़ 27 लाख रुपए हो जाएगा।
शिवपुरी को भी मिलेगी 221 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी करने के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिवपुरी जिले को भी विकास कार्यों की सौगात देंगे।पिछोर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 221 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इस कार्यक्रम में जिले के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।