भोपाल: मध्यप्रदेश में यात्रियों से निर्धारित किराए से ज्यादा वसूली करने वाली बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अब मनमाना किराया वसूलने की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित बसों को जब्त किया जाएगा और उनका परमिट रद्द करने की कार्रवाई भी होगी। परिवहन आयुक्त कार्यालय ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला परिवहन अधिकारियों (RTO) को निर्देश जारी किए हैं। अब तक ऐसी बसों के खिलाफ केवल चालानी कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन अब विभाग ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अधिक किराया लेने वाली बसें होंगी जब्त
परिवहन आयुक्त कार्यालय की ओर से मंगलवार को सभी जिला परिवहन अधिकारियों को आदेश जारी किया गया है। इसमें ऑल इंडिया परमिट वाली बसों में निर्धारित किराए से अधिक वसूली की शिकायतों की जांच करने और शिकायत सही पाए जाने पर बसों को जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं।विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों से निर्धारित किराए से ज्यादा राशि लेना परमिट की शर्तों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में केवल जुर्माना लगाना पर्याप्त नहीं होगा।
परमिट रद्द करने की अनुशंसा भेजेंगे RTO
नियमों के मुताबिक, जिला परिवहन अधिकारियों के पास बसों का परमिट सीधे रद्द करने का अधिकार नहीं है। ऐसे में संबंधित RTO को परमिट निरस्त करने की अनुशंसा परिवहन आयुक्त कार्यालय भेजनी होगी।इसके बाद परिवहन आयुक्त कार्यालय स्तर से परमिट रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। परिवहन आयुक्त ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
बालाघाट में 1267 रुपये की जगह वसूले 2500 रुपये
बसों में मनमाना किराया वसूलने का ताजा मामला बालाघाट से सामने आया है। यहां से इंदौर जाने वाली बसों में यात्रियों से निर्धारित किराए से लगभग दोगुनी राशि वसूले जाने की शिकायत मिली।दो दिन पहले बालाघाट से कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने बसों में सफर कर रहे यात्रियों से बातचीत की थी। इस दौरान पता चला कि जिस बस का प्रति यात्री निर्धारित किराया 1,267 रुपये है, उसमें यात्रियों से 2,500 रुपये तक वसूले गए।दीपावली के आसपास भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बस संचालकों द्वारा तीन गुना तक किराया वसूलने की शिकायतें सामने आई थीं।
पहले केवल चालान काटकर छोड़ दी जाती थीं बसें
प्रदेश के कई जिलों में यात्रियों से अधिक किराया वसूलने की शिकायतें मिलने के बावजूद संबंधित परिवहन अधिकारी केवल चालानी कार्रवाई कर रहे थे। इससे बस संचालकों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।अब परिवहन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित किराए से अधिक वसूली की पुष्टि होने पर बस जब्त करने के साथ परमिट निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
7 अगस्त से बढ़ा था बसों का किराया
मध्यप्रदेश सरकार ने इसी साल 7 अगस्त से यात्री बसों का किराया बढ़ाया था। पहले जहां किराया 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर था, उसे बढ़ाकर 2 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया।इसके बावजूद बस संचालकों द्वारा यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने की शिकायतें सामने आ रही थीं। अब परिवहन विभाग की नई कार्रवाई से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।