भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। TET के लिए आवेदन की अंतिम तारीख अब 5 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। पहले आवेदन करने की आखिरी तारीख 18 सितंबर निर्धारित थी। गुरुवार को आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय और माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों की बैठक में आवेदन की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया।
अब तक 19,100 शिक्षक TET के लिए आवेदन कर चुके हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा की तारीख घोषित की जाएगी। फिलहाल परीक्षा दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में कराए जाने की संभावना है।
डेढ़ लाख शिक्षक TET के दायरे में
स्कूल शिक्षा और ट्राइबल विभाग के करीब डेढ़ लाख शिक्षक इस पात्रता परीक्षा के दायरे में आते हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने TET आयोजित कराने की जिम्मेदारी माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) को दी है।आवेदन की समय-सीमा बढ़ाने का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र शिक्षकों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर देना है।
ऑफलाइन होगी परीक्षा, 55 जिलों में बनेंगे सेंटर
मध्यप्रदेश TET का आयोजन ऑफलाइन मोड में किया जाएगा। परीक्षा के लिए प्रदेश के सभी 55 जिलों के जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।माशिमं परीक्षा का आयोजन कर्मचारी चयन मंडल के पैटर्न पर करेगा, लेकिन परीक्षा के तरीके में अंतर रहेगा। कर्मचारी चयन मंडल जहां ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करता है, वहीं माशिमं की ओर से TET ऑफलाइन कराई जाएगी।
आवेदन पूरे होने के बाद जारी होगी परीक्षा तारीख
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों की संख्या तय करने पर फोकस है। 5 अक्टूबर को आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदकों की संख्या स्पष्ट होगी।
अधिकारियों के मुताबिक आवेदकों की संख्या तय होने के बाद परीक्षा की तैयारियों में करीब दो महीने का समय लग सकता है। इसी वजह से दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में परीक्षा कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।हालांकि परीक्षा की अंतिम तारीख आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घोषित की जाएगी।