भोपाल। मध्यप्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत गुरुवार, 12 नवंबर को प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप फोटो निर्वाचक नामावली का प्रकाशन कर दिया गया। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या किसी तरह की आपत्ति दर्ज कराने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। वहीं, प्रदेश में 127 नए मतदान केंद्र जुड़ने के बाद कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 72 हजार 36 हो गई है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक
प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के संबंध में निर्वाचन सदन में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आम आदमी पार्टी से राघव पटेल, बहुजन समाज पार्टी से एडवोकेट सुधीर उबनारे, भारतीय जनता पार्टी से एस.एस. उप्पल तथा कांग्रेस से जे.पी. धनोपिया और ललित सेन शामिल हुए। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फोटो रहित निर्वाचक नामावली की सॉफ्ट कॉपी हार्ड डिस्क के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यक्रम और इसकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रदेश में अब 72 हजार 36 मतदान केंद्र
मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत मध्यप्रदेश में 127 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 21 मतदान केंद्रों को विलोपित किया गया है। इस बदलाव के बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 72 हजार 36 हो गई है।
11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
निर्वाचन विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है। इस सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन से संबंधित दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। नागरिकों की सुविधा के लिए 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इन अभियानों के लिए अवकाश के दिनों का चयन किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर सकें। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
18 साल के युवा मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम
निर्वाचन विभाग ने उन युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है, जिनकी आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है। ऐसे युवा संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मतदाता वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
नाम जुड़वाने और EPIC कार्ड की प्रक्रिया निःशुल्क
निर्वाचन विभाग के अनुसार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और ईपीआईसी (EPIC) कार्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं। प्रारूप मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट https://ceoelection.mp.gov.in पर भी उपलब्ध है। नागरिक यहां जाकर अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकते हैं।