भोपाल। स्वच्छता के राष्ट्रीय सर्वेक्षण स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश के सागर शहर ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि के लिए नगर निगम सागर को राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गुरुवार को नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने मातेश्वरी निवास पहुंचकर यह पुरस्कार मंत्री एवं सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत को भेंट किया। इस अवसर पर मंत्री ने शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वच्छताकर्मियों को बधाई देते हुए सागर को देश का नंबर वन स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
नगर निगम आयुक्त ने मंत्री को भेंट किया राष्ट्रीय पुरस्कार
स्वच्छ सर्वेक्षण में सागर को मिली राष्ट्रीय उपलब्धि के बाद नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री गुरुवार को मातेश्वरी निवास पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को नगर निगम सागर को प्राप्त राष्ट्रीय पुरस्कार भेंट किया। इस दौरान मंत्री राजपूत ने नगर निगम आयुक्त सहित स्वच्छता अभियान से जुड़े सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छताकर्मियों और शहरवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे सागर शहर के सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी का परिणाम है।
तीसरे स्थान से संतुष्ट नहीं, अब नंबर वन का लक्ष्य
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करना सागर के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के अथक परिश्रम, स्वच्छताकर्मियों की मेहनत और जागरूक नागरिकों के सहयोग से संभव हुई है। उन्होंने कहा कि तीसरा स्थान हासिल करना सफलता जरूर है, लेकिन हमें इसी पर संतुष्ट होकर नहीं रुकना है। अब हमारा लक्ष्य सागर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश का नंबर वन शहर बनाना होना चाहिए। इसके लिए पहले से अधिक मेहनत, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। मंत्री ने विश्वास जताया कि नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और शहरवासी इसी ऊर्जा और उत्साह के साथ प्रयास जारी रखेंगे तो आने वाले समय में सागर देश में पहला स्थान हासिल कर सकता है।
स्वच्छता के साथ शहर के सौंदर्यीकरण पर भी जोर
मंत्री राजपूत ने कहा कि स्वच्छता का मतलब केवल सड़कों और गलियों की सफाई तक सीमित नहीं है। इसमें शहर का समग्र विकास, सुंदरता, व्यवस्थित यातायात, स्वच्छ वातावरण, कचरे का उचित प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों का बेहतर रखरखाव भी शामिल है। उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों, उद्यानों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सागर को स्वच्छता के साथ सौंदर्यीकरण के मामले में भी अपनी अलग पहचान बनानी चाहिए।
शहरवासियों और नगर निगम परिवार को दिया श्रेय
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सागर केवल एक शहर नहीं, बल्कि हमारी पहचान और गौरव है। इसे स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले तो सागर को नंबर वन बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छताकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों के प्रयासों की सराहना की। मंत्री ने कहा कि यह पुरस्कार किसी एक व्यक्ति या विभाग की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे सागर शहर का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी एकजुटता और मेहनत के साथ आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में भी प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने संकल्प दोहराया कि लक्ष्य स्वच्छ सागर, सुंदर सागर और विकसित सागर का है। तीसरे स्थान से शुरुआत हुई है, अब मंजिल नंबर वन है।