इंदौर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने शनिवार को इंदौर में इंदौर इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ और आइडिलिक इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के संयुक्त दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से संघर्ष को जीवन का हिस्सा मानकर चुनौतियों का सामना करने और विकसित भारत के निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर वंदे मातरम् को लेकर तीखा हमला बोला और सवाल किया कि राहुल गांधी इसके सम्मान के लिए 3 मिनट 10 सेकंड क्यों नहीं दे सकते।
संघर्ष को जीवन का हिस्सा मानें युवा
अनुराग ठाकुर ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन की नई चुनौतियों की शुरुआत भी है। उन्होंने युवाओं से कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने और चुनौतियों को अवसर में बदलने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और ईमानदारी के दम पर अपनी स्वतंत्र पहचान बनाएं और अपना ब्रांड स्वयं तैयार करें।
2047 तक विकसित भारत में युवाओं की बड़ी भूमिका
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आने वाले 21 वर्ष देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के कंधों पर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्टार्टअप इकोसिस्टम का उल्लेख करते हुए युवाओं से नवाचार अपनाने, रोजगार सृजित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
वंदे मातरम् को लेकर राहुल गांधी पर निशाना
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और गांधी परिवार पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी कांग्रेस के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को पूरा गाने और उसके सम्मान के लिए 3 मिनट 10 सेकंड का समय क्यों नहीं निकाल सकते। उन्होंने सवाल किया कि क्या गांधी परिवार स्वयं को संविधान से ऊपर मानता है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव नहीं रखता।
इंदौर के विकास की तारीफ
अनुराग ठाकुर ने इंदौर के तेजी से हो रहे विकास की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इंदौर का आईटी और औद्योगिक केंद्र के रूप में विस्तार तथा महाकालेश्वर के दर्शन के लिए बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या मध्यप्रदेश के विकास की गति को दर्शाती है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेश में हो रहे पौधरोपण और जनभागीदारी की भी सराहना की।
मेट्रो और विकास पर भी बोले अनुराग ठाकुर
इंदौर के विकास से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शहर का औद्योगिक और आर्थिक विस्तार प्रदेश की प्रगति को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से विकास की इस यात्रा में अपनी भूमिका निभाने की अपील की और कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में मध्यप्रदेश सहित हर राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका है।

दीक्षांत समारोह में युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
अनुराग ठाकुर ने विद्यार्थियों से कहा कि बड़ी उपलब्धियां कठिन परिस्थितियों का सामना करके ही हासिल होती हैं। उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, अटल बिहारी वाजपेयी और इसरो के वैज्ञानिकों के संघर्षों का उदाहरण देते हुए युवाओं को मेहनत, नवाचार और जोखिम उठाने के लिए प्रेरित किया।