परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर बुधवार को देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कारगिल युद्ध के दौरान उनके अदम्य साहस और वीरता ने उन्हें देश के सबसे सम्मानित युद्ध नायकों में शामिल किया।कैप्टन बत्रा को कारगिल विजय के वीर नायकों में याद किया जाता है। उनकी बहादुरी और देश के प्रति समर्पण आज भी युवाओं और देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने याद किया शौर्य
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कैप्टन विक्रम बत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की।उन्होंने कैप्टन बत्रा को “वीरभूमि हिमाचल के अमर सपूत” बताते हुए उनके अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया। अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने संदेश में परमवीर चक्र से सम्मानित कारगिल युद्ध के इस वीर नायक को देश का गौरव बताया।
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा की जयंती पर उन्हें नमन। कारगिल युद्ध में उन्होंने न केवल रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण चोटियों पर विजय प्राप्त की, बल्कि अपने अद्वितीय नेतृत्व और शौर्य से साथी जवानों का मनोबल भी आसमान पर पहुंचाया। मात्र 24 वर्ष की आयु में मातृभूमि के लिए प्राणों की आहुति देने वाले बत्रा का जीवन सभी को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा।